हल्द्वानी। धनतेरस के शुभ अवसर पर नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए एक के बाद एक विकासपरक घोषणाएं कीं। निगम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर ने शहर के व्यापारिक, कर एवं शहरी विकास को नई दिशा देने वाले कई निर्णयों की जानकारी दी। महापौर ने बताया कि अब हल्द्वानी की जनता को हाउस टैक्स जमा करने के लिए निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर निगम ने टैक्स भुगतान की ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है, जिससे नागरिक घर बैठे ही कर जमा कर सकेंगे। इस सुविधा से समय की बचत के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कमर्शियल टैक्स लागू किया जाएगा, जिससे निगम की आय में वृद्धि होगी और इस आय का उपयोग विकास कार्यों में किया जाएगा। शहर के व्यापारिक विकास को बढ़ावा देने के लिए महापौर ने बताया कि निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नई दुकानों के निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
साथ ही, पुरानी दुकानों को दो मंजिला बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। महापौर ने प्रेस वार्ता के दौरान सबसे बड़ी घोषणा “प्राइवेट वेंडिंग जोन” की स्थापना को लेकर की। उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या को खत्म करने के लिए नगर निगम ने एक अभिनव योजना तैयार की है। अब शहर के भू-स्वामी निगम से अनुमति लेकर यूज़र चार्ज के माध्यम से निजी वेंडिंग जोन विकसित कर सकेंगे। इससे ठेली-फड़ी संचालकों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और भूमि स्वामियों को आय का नया माध्यम प्राप्त होगा। महापौर ने कहा कि यह पहल हल्द्वानी शहर को ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण जैसी समस्याओं से मुक्ति दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी। प्रेस वार्ता के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उपनगर आयुक्त समेत निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










