चमोली। चमोली जनपद एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। नगर पंचायत नंदानगर के वार्ड कुन्तरि लगाफाली में देर रात भारी बारिश के चलते पहाड़ से मलबा आने से छह मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक सूचना के अनुसार इस आपदा में पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन मलबे और बारिश के चलते प्रशासन को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। नंदानगर तहसील के धुर्मा गांव में भी भारी वर्षा के कारण चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त होने की खबर है। हालांकि यहां जनहानि की सूचना नहीं मिली है। साथ ही मोक्ष नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि यह प्राथमिक जानकारी है और लापता व्यक्तियों तथा क्षति का विवरण अब भी अपडेट किया जा रहा है।
लापता लोगों में कुन्तरि लगाफाली निवासी कुंवर सिंह का चार वर्षीय पुत्र बलवंत सिंह, पत्नी कांता देवी (38), पुत्र विकास (10) और विशाल (10) समेत वृद्धा देवेश्वरी देवी (65) शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य परिवारों के नामों की भी पुष्टि की जा रही है। इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आपदा पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नंदानगर घाट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से घरों को क्षति पहुंचने की दुखद सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन, SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लगातार प्रशासन से संपर्क में हैं और खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से सभी की सकुशलता की प्रार्थना की। आपदा प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है। SDRF और पुलिस की टीम ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुटी हैं, वहीं बारिश रुकने का ग्रामीण बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।







