नैनीताल। जिले की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, प्रहलाद नारायण मीणा (IPS) ने बड़े पैमाने पर स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में निरीक्षकों, उप निरीक्षकों, अपर उप निरीक्षकों से लेकर यातायात प्रभारियों तक कुल 27 अधिकारियों को नए दायित्व सौंपे गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। स्थानांतरण सूची के अनुसार, निरीक्षक हरपाल सिंह को एसओजी/एएनटीएफ/साइबर सैल से स्थानांतरित कर चोरगलिया थाने का प्रभारी बनाया गया है, जबकि निरीक्षक विजय मेहता को कालाढूंगी से हटाकर एएनटीएफ की कमान दी गई है। इसी तरह रामनगर से अरुण कुमार सैनी को कालाढूंगी थाना प्रभारी, और हल्द्वानी थाने से राजेश कुमार यादव को शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस लाइन से अमरचंद शर्मा को हल्द्वानी थाना प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है, वहीं दिनेश सिंह फर्त्याल को लालकुआं से स्थानांतरित कर डीसीआरबी प्रभारी बनाया गया है। ब्रजमोहन सिंह राणा अब लालकुआं थाना प्रभारी होंगे, जबकि राजेंद्र सिंह रावत को पुलिस लाइन से सम्मन सैल का प्रभारी बनाया गया है।
उप निरीक्षक स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं महेंद्र प्रसाद को रामनगर, सोमेंद्र सिंह को रामनगर थाना, राजेश जोशी को एसओजी, वीरेंद्र बिष्ट को तल्लीताल, जोगेंद्र यादव को लालकुआं, विजय कुमार को बेतालघाट, हरिराम को धानाचूली, कृष्णागिरी को राजपुरा और फिरोज आलम को बेलपड़ाव चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। महिला अधिकारियों में भी फेरबदल किया गया है। उप निरीक्षक आशा बिष्ट को मल्लीताल थाना और आरती को हल्द्वानी थाना भेजा गया है। उप निरीक्षक चंद्रशेखर कन्याल को सूचना सेल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अपर उप निरीक्षक गणेश सिंह राणा को भीमताल, पंकज जोशी को हल्द्वानी, त्रिभुवन सिंह को भवाली, सुरेश कन्याल को भवाली और आशा शर्मा को हल्द्वानी की जिम्मेदारी दी गई है। यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। निरीक्षक यातायात महेश चंद्रा को भवाली से हटाकर हल्द्वानी का यातायात प्रभारी बनाया गया है, जबकि शिवराज सिंह बिष्ट को हल्द्वानी से भवाली भेजा गया है।






