- 17 अक्टूबर को होगा अग्रसेन जयंती महोत्सव, चित्रकला-प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के साथ बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियां और प्रतिभा सम्मान समारोह भी होगा आयोजित
हल्द्वानी। श्री अग्रवाल सभा हल्द्वानी की ओर से अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा और जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 15 अक्टूबर को शहर में महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि 17 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। आयोजकों ने मंगलवार को रामपुर रोड स्थित अतिथि रेस्टोरेंट में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। सभा के अध्यक्ष असीम सिंघल ने बताया कि 15 अक्टूबर को शोभायात्रा शाम चार बजे बरेली रोड स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर से शुरू होकर बाजार क्षेत्र से गुजरते हुए रेलवे बाजार में संपन्न होगी। शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण महाराजा अग्रसेन का डोला, शिव तांडव और अघोरी झांकी रहेंगे।

आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। शोभायात्रा संयोजक आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि 17 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे मंडी बाईपास रोड स्थित परिणय वाटिका बैंक्वेट हॉल में जयंती महोत्सव आयोजित होगा। इसमें बच्चों के लिए चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, नृत्य प्रस्तुतियां तथा प्रतिभा सम्मान जैसे कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में करीब 700 अग्रवाल परिवारों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया प्रभारी विपुल अग्रवाल ने उपस्थित पत्रकारों और छायाकारों का आभार जताया। इस मौके पर महामंत्री राजकुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, संरक्षक भगवान सहाय अग्रवाल, उपाध्यक्ष आवेश गर्ग और मनोज अग्रवाल, युवा अध्यक्ष अमित गोयल, महामंत्री तुषार मित्तल, महिला अध्यक्ष वैशाली अग्रवाल सहित सरिल गोयल, अभिषेक मित्तल, संजय गोयल और कनव अग्रवाल समेत सभा के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
