हल्द्वानी। पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और विभिन्न विभागों को आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच के तहत परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात विभाग और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित एजेंसियों से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का पूरा विवरण, चालकों की जानकारी, ड्राइविंग लाइसेंस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचायतनामा और अन्य अभिलेख मांगे गए हैं। प्रशासन ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के संकलन और जांच के साथ ही दुर्घटना के कारणों और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के उपायों पर भी स्पष्ट आख्या देने को कहा है।

साथ ही क्षेत्र में नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश, ट्रैफिक प्लान की स्थिति और सड़क सुरक्षा मानकों के पालन की भी समीक्षा की जाएगी। लोक निर्माण विभाग को लिंक मार्ग, रैंप और फुटपाथ की सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं ताकि हादसे के तकनीकी कारणों का भी पता लगाया जा सके। इधर प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी, साक्ष्य या बयान रखने वाले व्यक्ति 15 दिनों के भीतर नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं या पंजीकृत डाक से भेज सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और जिम्मेदारी तय की जा सके।







