देहरादून। उत्तराखंड के लोक निर्माण, सिंचाई, लघु सिंचाई, पर्यटन, पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, जलागम प्रबन्धन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने भारी बारिश के बाद बाढ़ और भू-कटाव की चपेट में आये कोटद्वार के मालन नदी पर बने पुल के टूटने के मामले में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) सचिव पंकज पाण्डेय को जांच के आदेश दिए हैं।
मंत्री ने सचिव को निर्देश दिये हैं कि सड़कों के अवरुद्ध होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गो को खोला जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि बरसात बंद होने के पश्चात तत्काल प्रदेश की सभी सड़कों को ठीक करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होंने सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता जयपाल सिंह से प्रदेश की सभी नदियों की स्थिति और जल स्तर का ब्यौरा भी तलब किया है।






