हल्द्वानी। ठगों ने एक व्यक्ति का पेन कार्ड का प्रयोग कर उसे हजारों का चूना लगा दिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इंद्रानगर निवासी मोहम्मद सलीम ने वनभूलपुरा थाने में तहरीर देकर बताया कि 30 मई को वह अपने हाउस लोन की जानकारी के लिए ऊधम सिंह नगर स्थित केला खेड़ा बैंक ऑफ बड़ौदा गया था। जहां उसे पता चला कि उसकी सिविल कम है। बैंक वालों ने बताया कि उनके पेनकार्ड पर कैपिटल ट्रस्ट की ओर से 73,969 रुपये का लोन पहले से चल रहा है और वर्तमान में लोन की धनराशि ब्याज के साथ 95337 हो चुकी है।
साथ ही इसकी किस्तें भी जमा नहीं की गई हैं। उसने देवलचौड़ स्थित कैपिटल ट्रस्ट मेनेजर राहुल और कैपिटल ट्रस्ट के हेड ऑफिस सुल्तानपुर दिल्ली में दिनेश जट्ट से जानकारी लेने का प्रयास किया तो उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी। पीड़ित ने इस संबंध में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग से भी शिकायत की है। इधर थानाध्यक्ष बनभूलपुरा नीरज भाकुनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।






