
- महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया ट्रंचिंग ग्राउंड में प्लांट का शुभारंभ
हल्द्वानी। शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक, ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा कूड़े के पहाड़ से अब जल्द ही राहत मिलने वाली है। गुरुवार को हल्द्वानी नगर निगम द्वारा लिगेसी वेस्ट प्लांट का संचालन विधिवत रूप से शुरू कर दिया गया। इस परियोजना का शुभारंभ नगर निगम महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया। महापौर गजराज बिष्ट ने बताया कि यह प्लांट पुराने जमा कचरे के निस्तारण में बड़ी भूमिका निभाएगा और आने वाले कूड़े के ढेर को साफ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम और एनटीपीसी के बीच हुए एमओयू के तहत भविष्य में यहां प्लांट भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या को ध्यान में रखते हुए निगम लगातार कार्य कर रहा है और इस दिशा में यह बड़ी पहल है।

महापौर ने यह भी जानकारी दी कि ट्रंचिंग ग्राउंड की सीमा के बाहर हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण भी कराया गया है, जिससे क्षेत्र को पर्यावरणीय संतुलन भी मिले। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि शासन से स्वीकृत धनराशि के बाद टेंडर प्रक्रिया के अंतर्गत यह प्लांट लगाया गया है, जो अब सक्रिय हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह प्लांट न केवल वर्षों से जमा कूड़े का निस्तारण करेगा बल्कि स्थानीय लोगों को दुर्गंध और दृश्य प्रदूषण से भी राहत दिलाएगा। नगर निगम का यह प्रयास शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।