रुद्रपुर। “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में कुमाऊँ पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए थाना पुलभट्टा क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाइयों का भारी जखीरा बरामद किया है। संयुक्त छापेमारी में ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम जैसी नियंत्रित दवाओं की हजारों गोलियां और इंजेक्शन जब्त किए गए, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” विजन के तहत आईजी कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत 25 फरवरी को स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (SOTF) कुमाऊँ, औषधि नियंत्रक विभाग और थाना पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने एस.के. मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर से ट्रामाडोल के 14,472 कैप्सूल, अल्प्राजोलम की 5,670 टैबलेट और ट्रामाडोल के 50 इंजेक्शन बरामद किए गए। यह मेडिकल स्टोर शकूर खान पुत्र सब्बीर खान द्वारा संचालित किया जा रहा था। बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना पुलभट्टा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊँ की टीम के साथ वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला, निधि शर्मा तथा पुलभट्टा थाने की पुलिस टीम शामिल रही। कुमाऊँ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।






