देहरादून। उत्तराखंड राज्य हज समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष खतीब अहमद ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उत्तराखंड शासन के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की अधिसूचना के क्रम में 21 फरवरी को कार्यभार ग्रहण करते हुए उन्होंने सरकार और संगठन का आभार व्यक्त किया तथा हाजियों की बेहतर सुविधाओं के लिए पूरी निष्ठा और लगन से काम करने का भरोसा दिलाया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद खतीब अहमद ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे कर्तव्यभाव से निभाते हुए पिछले कार्यकाल के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा ताकि हज यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, संगठन मंत्री अजय कुमार और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया।

खतीब अहमद इससे पहले भी उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं और राज्यमंत्री स्तर पर उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद (टास्क फोर्स) के अध्यक्ष तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ, हज अधिकारी मौ. अहसान और अन्य गणमान्य लोगों ने बुके और फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यालय स्टाफ और समर्थकों की मौजूदगी में कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा। कार्यभार संभालने के बाद खतीब अहमद ने दरगाह साबिर पाक पहुंचकर चादर पेश की और देश-प्रदेश की खुशहाली व अमन-चैन के लिए दुआ की। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






