हल्द्वानी। रंगों के त्योहार Holi की खुशियों के बीच हल्द्वानी में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का 11वां होली मिलन समारोह उत्साह, उमंग और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। नैनीताल रोड स्थित बैंकेट हॉल में आयोजित इस समारोह में पत्रकारों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी एक मंच पर नजर आए। होली के गीतों और संगीत की धुन पर सभी ने जमकर आनंद लिया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश शास्त्री और प्रदेश महामंत्री विश्वजीत नेगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्य, रेनू अधिकारी, कांग्रेस नेता ललित जोशी और भाजपा नेता प्रकाश हरबोला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने होली गीत गाकर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। वहीं प्लेबैक सिंगर राखी रवीना, लोक गायिका राधा द्विवेदी और गायक राहुल व्यास ने अपने सुरों से कार्यक्रम में समा बांध दिया, जिस पर मौजूद लोग झूमते नजर आए। इस अवसर पर एडीएम विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, एसपी सिटी, एसपी क्राइम और सीओ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ होली मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष सर्वेंद्र बिष्ट और महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा ने सभी पत्रकारों और अतिथियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता का प्रतीक बताया। कार्यक्रम संयोजक विशाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस रंगारंग आयोजन में बड़ी संख्या में पत्रकारों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण होली के रंगों और उत्साह से सराबोर हो उठा।






