पौड़ी। जनपद पौड़ी के ग्राम तलसारी निवासी जितेन्द्र कुमार आत्महत्या प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पहले ही मुख्य आरोपी हिमांशु चमोली को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद पुलिस ने इस मामले में चार और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी, लोकेश्वर सिंह की कड़ी निगरानी में हुई इस कार्रवाई से परिजनों को न्याय की उम्मीद और मजबूत हो गई है। मामले की शुरुआत परिजनों की तहरीर पर कोतवाली पौड़ी में धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद हुई।
पुलिस टीम ने लगातार साक्ष्य जुटाते हुए जांच को आगे बढ़ाया और चार आरोपियों शुभम खण्डूरी, गौरव काम्बोज, विकास शाह और अभिषेक गैरोला के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने पर इन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ जारी है और इस मामले में जो भी व्यक्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में कानून व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है।








