हल्द्वानी। हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर जिला प्रशासन ने शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया। कुसुमखेड़ा, हनुमान मंदिर, कोल टैक्स चौराहा और काठगोदाम क्षेत्र में नापजोख कर अतिक्रमण चिह्नित किए गए। अभियान का नेतृत्व कर रहे अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने क्षेत्रीय व्यवसायियों को स्पष्ट संदेश दिया कि यदि अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया तो प्रशासन बलपूर्वक कार्रवाई करेगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित भवन स्वामी की होगी।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर यह देखा गया कि भवन स्वामियों ने पहले से किए गए नापजोख के चिन्हों से आगे बढ़कर नए निर्माण कर लिए हैं। इस पर एडीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को सड़क चौड़ीकरण के कार्यों को बिना किसी देरी के शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।






