- एसडीएम राहुल शाह के नेतृत्व में चला अभियान, JCB से हटाए गए पक्के निर्माण, नागरिकों से सहयोग की अपील
हल्द्वानी। कोलटैक्स तिराहा, काठगोदाम क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और जंक्शन सुधार की दिशा में प्रशासन ने एक और ठोस कदम उठाया। रविवार को उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण किया और अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को गति दी। निरीक्षण के दौरान सड़क के “राइट ऑफ वे” में हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। अधिकांश स्थानीय निवासियों ने प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी नोटिस के अनुपालन में स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया, जबकि कुछ अतिक्रमणकारी पक्की संरचनाएं जमीनी स्तर पर मौजूद रहीं जिन्हें JCB मशीन की सहायता से हटाया गया।

एसडीएम राहुल शाह ने मौके पर ही PWD अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण हटने के तुरंत बाद सड़क समतलीकरण का कार्य शुरू किया जाए, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल सके और आने-जाने में लोगों को सुविधा प्राप्त हो। इस अभियान में तहसीलदार मनीषा बिष्ट, सहायक अभियंता अनिल कनौजिया और अन्य विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्यों में सहयोग करें और भविष्य में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से बचें।






