हल्द्वानी। शहर के वार्ड संख्या 35, 36 और 37 के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वार्ड संख्या 36 में ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का विधिवत शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और इसे स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने केंद्र का शुभारम्भ करते हुए कहा कि इस केंद्र के माध्यम से नागरिकों को न केवल उपचार की सुविधा मिलेगी बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता, पौष्टिक आहार, स्वच्छता और निवारक उपायों की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाया जा सके।

केंद्र में प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी गैर संचारी बीमारियों की प्राथमिक जांच एवं परामर्श की सुविधा भी दी जाएगी। सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क रहेंगी और यह केंद्र राज्य एवं केंद्र सरकार की संयुक्त पहल के तहत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को क्षेत्र के लिए बेहद लाभकारी बताया और कहा कि इससे आसपास के लोगों को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। शुभारम्भ समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष काठगोदाम नीरज बिष्ट, वार्ड नं० 36 पार्षद तनुजा जोशी, वार्ड नं० 37 पार्षद प्रतिनिधि हृदयेश कुमार, विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







