हल्द्वानी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में नैनीताल जिले की सबसे चर्चित और प्रतिष्ठित मानी जा रही रामड़ीआन सिंह पनियाली जिला पंचायत सीट पर भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी छवि कांडपाल बोरा ने निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा समर्थित प्रत्याशी बेला तोलिया को 2411 मतों से पराजित कर बड़ी जीत दर्ज की है। यह मुकाबला शुरुआत से ही दिलचस्प रहा, लेकिन अंततः छवि बोरा ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए बाज़ी मार ली। चुनाव मैदान में उतरते ही छवि बोरा ने स्थानीय जनता में विश्वास हासिल कर जनसमर्थन जुटाना शुरू कर दिया था। मतगणना की शुरुआत से ही वे आगे चल रही थीं और अंत तक यह बढ़त कायम रही। इस सीट पर जीत दर्ज कर छवि बोरा ने न सिर्फ भाजपा को रणनीतिक स्तर पर चुनौती दी है, बल्कि महिला नेतृत्व की नई ताकत भी दर्शाई है।

इधर, गौलापार चोरगलिया जिला पंचायत सदस्य सीट से लीला बिष्ट ने अनीता बेलवाल को भारी मतों से हराकर अपनी सियासी ताकत साबित की। यह सीट कांग्रेस पृष्ठभूमि वाले अर्जुन बिष्ट के प्रभाव क्षेत्र में मानी जाती है, और उनकी पत्नी लीला बिष्ट की जीत ने भाजपा को यहां भी नुकसान पहुंचाया है। सबसे खास बात यह रही कि जिस पनियाली सीट पर भाजपा विरोधी रुख अपनाने के कारण छवि बोरा के पति प्रमोद बोरा को भाजपा के पदों से हटाया गया था, वहां अब भाजपा को चुनावी नुकसान उठाना पड़ा है। फिलहाल पनियाली सीट के विस्तृत परिणामों का इंतजार है, लेकिन शुरुआती संकेत भाजपा के लिए उत्साहजनक नहीं हैं। इन नतीजों ने साफ संकेत दे दिया है कि जिला पंचायत स्तर पर भाजपा को नए सिरे से रणनीति बनानी होगी। जहां एक ओर निर्दलीय और कांग्रेस पृष्ठभूमि से जुड़े प्रत्याशियों ने बड़ी जीत दर्ज की है, वहीं भाजपा समर्थित चेहरों को हार का सामना करना पड़ा है।






