खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशानुसार अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए इस मामले को तेजी से सुलझाया गया। हत्या की यह घटना 18 अक्टूबर 2024 की रात 8:30 बजे से 10:30 बजे के बीच की है, जब मृतक अनिल सिंह को आरोपियों ने घर बुलाकर बंधक बनाया और उसके हाथ बांधकर लाठी-डंडों और गर्म सरिया से हमला किया। अनिल सिंह को गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसके परिजन खटीमा के सरकारी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में पता चला कि इस हत्या के पीछे अवैध संबंध और पुरानी रंजिश की वजह थी। मुख्य आरोपी कृष्ण सिंह की भाभी सुंदरवती के साथ मृतक अनिल सिंह के अवैध संबंध थे, जिसे लेकर कृष्ण सिंह और उसके साथी सुमित सिंह ने अनिल सिंह को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई। आरोपियों ने अनिल सिंह को कमरे में बंधक बनाकर, हाथ बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर पीटा और फिर गर्म सरिया से जलाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए लाठी, डंडे और नुकीली सरिया बरामद की।