देहरादून/नैनीताल/हरिद्वार। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने 31 अगस्त को राज्य के कई जिलों में 1 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने, तेज बारिश, भूस्खलन और नदियों-नालों में उफान की स्थिति पैदा हो सकती है। अलर्ट के बाद उत्तराखंड के अधिकांश जिलों के जिला अधिकारियों ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक दिन के लिए सभी सरकारी, गैर-सरकारी, निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।








नैनीताल, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंहनगर, चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों में प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह अलर्ट पर रहेंगी। सभी उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें और फील्ड स्टाफ को भी निगरानी में लगाए रखें ताकि जलभराव या भूस्खलन की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








