हल्द्वानी। उत्तराखंड में निकाय चुनाव का माहौल गरमा गया है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने दांव-पेंच आजमाने में जुट गए हैं। कांग्रेस ने हल्द्वानी के हॉट मुकाबले में ललित जोशी को मैदान में उतारकर बड़ा दांव खेला है, जबकि भाजपा ने अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। इस देरी से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। इसी बीच, निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनावी मैदान में ताल ठोकनी शुरू कर दी है। भुवन चंद्र पांडे और रूपेंद्र नागर ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं।
दूसरी ओर, भाजपा के संभावित प्रत्याशियों में कौस्तुबनान्द जोशी, और गजराज सिंह का नाम चर्चा में है। समाजवादी पार्टी से अब्दुल मतीन सिद्दीकी, उमैर मतीन सिद्दीकी, और प्रदेश महासचिव शोएब अहमद ने भी नामांकन पत्र खरीदकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। इनके अलावा नवीन चंद्र, और मनोज कुमार ने भी नामांकन पत्र खरीदा हैं। हल्द्वानी में चुनावी गहमागहमी और प्रत्याशियों की रणनीति ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। सभी दलों की नजरें अब भाजपा के उम्मीदवार पर टिकी हैं, जिसके ऐलान के बाद समीकरण और दिलचस्प हो सकते हैं।






