देहरादून। उत्तराखंड के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में परिवहन को सुगम बनाने की दिशा में बुधवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत हल्द्वानी–अल्मोड़ा और पिथौरागढ़–मुनस्यारी हेली सेवाओं का अपने आवास से वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन हवाई सेवाओं से आम नागरिकों के साथ ही पर्यटकों को भी आसान और तेज़ आवागमन का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर हैं, और अब हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से इन तक पहुँचना बेहद आसान होगा। जहां हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुँचने में अब तक तीन से चार घंटे लगते थे, वहीँ हेली सेवा इस सफ़र को मिनटों का बना देगी। इसी तरह पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की पाँच से छह घंटे की लंबी दूरी भी अब चंद मिनटों में पूरी हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
श्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उड़ान योजना जैसी दूरदर्शी पहल ने राज्य के हवाई संपर्क को मज़बूती दी है। प्रदेश में 18 हेलीपोर्ट्स पर काम चल रहा है, जिनमें से 12 पर सेवाएँ सफलतापूर्वक शुरू हो चुकी हैं। अब तक गौचर, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, नैनीताल, बागेश्वर और जोशियाड़ा समेत कई क्षेत्रों को हेली सेवाओं से जोड़ा जा चुका है और आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में हवाई सेवाओं को मज़बूत करने के साथ ही जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विकसित किया जा रहा है, ताकि उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सके।
गौरतलब है कि नई हेली सेवाएँ सप्ताह में सातों दिन और रोज़ दो बार संचालित होंगी। यात्रियों को मात्र ₹2500 के किराए में यह सुविधा उपलब्ध होगी और टिकट ऑनलाइन पोर्टल airheritage.in से बुक किए जा सकेंगे। शुभारंभ अवसर पर सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, सीईओ आशीष चौहान, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






