हल्द्वानी। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को हल्द्वानी में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम सभा कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने बताया कि यह पदयात्रा एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी से प्रारंभ होकर तिकोनिया, ठंडी सड़क और हाइडिल गेट मार्ग से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न होगी। सीडीओ अनामिका ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित यह पदयात्रा राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियाँ जोरों पर हैं और इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन शामिल होंगे। इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने पदयात्रा की व्यवस्थाओं और मार्ग को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी नगर इस अवसर पर एकता और सद्भाव का प्रतीक बनेगा। बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, युवा भारत नैनीताल के उप निदेशक डोल्वी तेवतिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








