
देहरादून/नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से नैनीताल में आयोजित माँ नन्दा-सुनन्दा महोत्सव-2024 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और माँ नन्दा-सुनन्दा से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेले हमें अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़े रखने का काम करते हैं। राज्य सरकार इन मेलों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है और उन्हें और भव्य बनाने के लिए नए आयाम जोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के लिए किए गए विशेष उल्लेख का जिक्र करते हुए कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। राज्य सरकार इस दिशा में विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।

उधर नैनीताल में श्री राम सेवक सभा प्रांगण में माँ नन्दा-सुनन्दा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। नैनीताल विधायक सरिता आर्या, एसएसपी पीएम मीणा, एसपी सिटी हरबंस सिंह और नगर पालिका प्रशासक केएन गोस्वामी सहित गणमान्य व्यक्तियों ने पूजा अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ महोत्सव की शुरुआत की। महोत्सव के उद्घाटन के बाद भक्तों का दल कदली वृक्ष लेने के लिए सुखाताल की ओर प्रस्थान कर गया। यह ऐतिहासिक महोत्सव इस वर्ष अपने 122वें वर्ष में प्रवेश कर गया है और 8 से 15 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मूर्ति निर्माण, प्राण प्रतिष्ठा, कदली वृक्ष पूजन, कन्या पूजन और महाभंडारा सहित कई अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 15 सितंबर को शोभायात्रा और मूर्ति विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।