देहरादून। सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में नकली पनीर व दही सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेलाकुई पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो लग्जरी कारों में ले जाए जा रहे 250 किलोग्राम नकली पनीर और 50 किलोग्राम नकली दही के साथ गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाकर सैंपलिंग कराई गई, जिसके बाद नकली पनीर-दही को नष्ट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और कालाबाजारी पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में 02 फरवरी को सेलाकुई बाजार क्षेत्र में माया देवी यूनिवर्सिटी के पास धूलकोट तिराहे पर चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार संख्या UK07FH7883 (ब्रेजा) और कार संख्या UK07BY9350 (बलेनो) को रोका गया।
तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में भारी मात्रा में पनीर व दही बरामद हुआ। पूछताछ में वाहन चालकों ने पनीर के नकली होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना देकर मौके पर टीम बुलवाई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मौके पर की गई सैंपलिंग में पनीर और दही के नकली होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नकली सामग्री को नष्ट किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज कर दिए हैं तथा थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम (28 वर्ष) निवासी टर्नर रोड पटेलनगर और प्रदीप कुमार (44 वर्ष) निवासी शंकरपुर सहसपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह नकली पनीर लक्सर निवासी बाबर और नेहरू कॉलोनी निवासी दिनेश लुथरा से खरीदकर लाए थे, जिसे वे एक शादी की बुकिंग में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।







