हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर उपलब्धियों को लेकर प्रतिक्रिया सामने आ रही है। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई देते हुए इस कार्यकाल को ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा बताया है। सुरेश भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और राज्य ने सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे समाज में विश्वास और विकास का वातावरण बना है।
उन्होंने आगे कहा कि बीते चार वर्षों में बुनियादी ढांचे के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और रोजगार सृजन के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से लोगों के जीवन स्तर में सुधार देखने को मिला है। सुरेश भट्ट ने यह भी कहा कि सरकार ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को प्राथमिकता में रखते हुए कई अहम निर्णय लिए हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक ढांचे को मजबूती मिली है। निवेश को बढ़ावा देने और पर्यटन को नई पहचान दिलाने के प्रयासों को भी उन्होंने सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।












