हल्द्वानी। गौलापार के कुंवरपर में स्टाम्प बनाकर वन विभाग की लगभग 75 लाख की भूमि बेचने और खुर्द-बुर्द करने का मामला प्रकाश में आने के बाद वन विभाग की तरफ से आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गौला रेंज के कुंवरपुर बीट के बागजाला में वन भूमि की अवैध रूप से खरीद-फरोख्त का मामला जानकारी में आया था। इसके बाद वन विभाग के डिप्टी रेंजर गौला रेंज प्रमोद सिंह, डिकर राम व वन दरोगा मनोज त्रिपाठी ने इस मामले की जांच की। वन विभाग की टीम ने जांच में पाया गया कि 1978 में 30 साल के लीज पर स्थानीय लोगों को जमीन दी गई थी। 2008 में भूमि का लीज समाप्त नहीं होने पर इसका नवीनीकरण नहीं किया गया।
जांच के उपरान्त पाया गया कि मोहन चन्द्र निवासी देवला तल्ला ने जमीन 500 रूपये के स्टाम्प पर रूपराज को जमीन 29.20 लाख में विक्रय कर दी थी। वहीं दूसरे मामले में जगदीश व कुन्दन बिष्ट ने 100 रूपये के स्टाम्प पर जमीन महेश भट्ट को 19.56 लाख में वन भूमि का विक्रय किया। अन्य मामले में गौला बैराज निवासी रामप्रकाश ने इम्तियाज व परवीन निवासी देवलातल्ला को 100 रूपये के स्टाम्प पेपर पर 22.25 लाख में जमीन का सौदा किया। चौथे मामले में लाइन नम्बर दस निवासी सलीम ने गुलशन निवासी काबुल का बगीचा को दस रूपये के स्टाम्प में जमीन चार लाख में विक्रय की। मामले में वन विभाग की आरक्षी उर्मिला टम्टा की तहरीर पर काठगोदाम थाने में पुलिस ने रूपराज, मोहन चन्द्र, जगदीश बिष्ट, कुंदन सिंह बिष्ट, महेश भट्ट, राम प्रकाश, इम्तियाज, परवीन, सलीम व गुलशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इधर पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी भूपेंद्र सिंह धौनी का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गई है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएंगीं उन्होंने कहा कि अगर इस तरह के मामले हैं तो पुलिस प्रशासन से उसकी शिकायत करें।






