नैनीताल। नैनीताल में हाल ही में हुए घटनाक्रम के बाद कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने सख्त तेवर दिखाए हैं। शुक्रवार को नैनीताल शहर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के नेतृत्व में एक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ PAC, SSB और विभिन्न पुलिस इकाइयों ने हिस्सा लिया। मार्च की शुरुआत नैनीताल थाना परिसर से हुई, जो खड़ी बाजार, बड़ा बाजार, चीनाखान, रिक्शा स्टैंड, माल रोड और घोड़ा स्टैंड जैसे प्रमुख क्षेत्रों से गुजरता हुआ संपन्न हुआ। पुलिस की यह कार्रवाई केवल सुरक्षा का संदेश देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि आमजन में यह भरोसा जगाने की कोशिश भी रही कि कानून और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और प्रतिबद्ध है।

एसएसपी नैनीताल श्री मीणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि नैनीताल पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तैनात है। इधर हल्द्वानी में भी स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन सतर्क दिखा। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, के नेतृत्व में एसपी सिटी, एसडीएम, कोतवाल और बनभूलपुरा थाना अध्यक्ष सहित अधिकारियों ने शहर के नैनीताल रोड, तिकोनिया, राजपुरा, रेलवे बाजार, तिरंगा चौराहा, बनभूलपुरा, शनि बाजार और बरेली रोड में फ्लैग मार्च किया।






