हरिद्वार। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में फर्जी जमानत दिलाने का खेल उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया है। हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार पेशेवर जमानतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। आरोप है कि ये लोग पैसे लेकर अलग-अलग मामलों में अदालत के सामने जमानत लेने पहुंचते थे और न्यायालय को झूठे शपथपत्र देकर गुमराह कर रहे थे। मामला थाना सिडकुल क्षेत्र के रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय का है, जहां सीजेएम न्यायालय में सुनवाई के दौरान चार व्यक्तियों ने विभिन्न अभियुक्तों की जमानत के लिए खुद को प्रस्तुत किया। जांच के दौरान अदालत को संदेह हुआ कि ये सभी व्यक्ति पेशेवर जमानती हैं, जो एक ही समय में कई मामलों में जमानत लेते रहे हैं।
अदालत में प्रस्तुत रिकॉर्ड और जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कई मामलों में जमानत ली, लेकिन अपने शपथपत्र में इसका कोई उल्लेख नहीं किया। इस तरह न्यायालय के समक्ष झूठी जानकारी देकर गुमराह करना गंभीर आपराधिक कृत्य पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना सिडकुल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी कमलेश, उज्ज्वल सिंह, नरेश प्रताप बहुगुणा समेत अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून के साथ किसी भी प्रकार का छल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।











