- क़ाज़ी-ए-शहर ने चांद की आम रुएत का किया ऐलान, शहर में ईद की तैयारियों का आगाज़
हल्द्वानी। शहर में बुधवार की शाम मग़रिब की नमाज़ के बाद माहे ज़िल-हिज्जा 1446 हिजरी का चांद नज़र आ गया है। इस मुबारक दीदार के साथ ही यह तय हो गया कि ईद-उल-अज़हा 7 जून 2025, हफ्ते के दिन पूरे अकीदत व एहतराम के साथ मनाई जाएगी। क़ाज़ी-ए-शहर शेख़ मोहम्मद आज़म क़ादरी, इमाम जामा मस्जिद हल्द्वानी ने चांद की तस्दीक करते हुए ऐलान किया कि 29 मई 2025 जुमेरात के दिन से जिल-हिज्जा का पहला दिन होगा।

चांद दिखाई देने के साथ ही शहर की फिज़ा में रूहानी रंग भर गए हैं और बाजारों में ईद की खरीदारी की रौनक बढ़ गई है। मुसलमानों का यह त्यौहार कुर्बानी, सहयोग और इंसानियत के पैग़ाम को आम करता है। ईद-उल-अज़हा के मौके पर नमाज़-ए-ईद अदा की जाएगी और कुरबानी की सुन्नत को अंजाम दिया जाएगा। शहर के तमाम मुस्लिम समुदाय ने चांद दिखने पर अल्लाह का शुक्र अदा किया और अमन-ओ-सलामती के साथ ईद मनाने की दुआ की।