लालकुआं। बच्चों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए औषधि नियंत्रण विभाग ने सोमवार को लालकुआं क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कफ सिरप और खांसी-सर्दी की दवाओं की गुणवत्ता और बिक्री व्यवस्था की जांच के लिए 08 मेडिकल प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर एक मेडिकल स्टोर को मौके पर बंद कराया गया, जबकि छह मेडिकल स्टोर्स को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।
यह कार्रवाई उप औषधि नियंत्रक उत्तराखंड हेमंत सिंह नेगी के नेतृत्व में की गई। टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट (नैनीताल), नीरज कुमार (ऊधमसिंहनगर), औषधि निरीक्षक अर्चना (नैनीताल), निधि शर्मा और शुभम कोटनाला (ऊधमसिंहनगर) शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की दवाओं की गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मेडिकल प्रतिष्ठानों को दवा बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है।






