हल्द्वानी। शहर के गल्ला मंडी परिसर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक और युवती के लहूलुहान शव बरामद हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या की गई है। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मंडी परिसर के अंदर पड़े दोनों शवों को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी और कोतवाल सहित भारी पुलिस बल पहुंचा।
अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सके। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वारदात के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस दोनों मृतकों की शिनाख्त कराने में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।







