देहरादून। सहसपुर के राजकीय विद्यालय ईदगाह बस्ती में स्कूल भवन की छत का प्लास्टर गिरने से तीन छात्राओं के घायल होने की घटना पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सहसपुर को बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही सामने आने पर एक दिन का वेतन रोकने और विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई तब की गई जब जांच में पाया गया कि बीईओ को जर्जर भवन की स्थिति और छात्राओं के घायल होने की सूचना पहले ही दी जा चुकी थी, लेकिन उन्होंने न तो स्कूल का निरीक्षण किया, न ही भवन की मरम्मत के लिए कोई कदम उठाए। यहां तक कि घटना के चार दिन बाद भी उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी गई।


प्रधानाध्यापिका द्वारा बार-बार जर्जर भवन की जानकारी देने और दुर्घटना के बाद भी बच्चों को सुरक्षित भवन में स्थानांतरित न किए जाने पर डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही करार दिया। साथ ही, बीईओ पर अवकाश की मिथ्या सूचना देने और बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए यह सख्त कदम उठाया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी खंड शिक्षा और विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों की स्थिति पर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। विशेष रूप से जर्जर भवनों की मरम्मत और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था का प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से दिया जाएगा।






