देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चर्चाओं में चल रहा कैबिनेट विस्तार आखिरकार शुक्रवार को साकार हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में आज लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पांच विधायकों को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, जिससे प्रदेश की सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह खेड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

लंबे समय से लंबित इस विस्तार को सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के बाद अमल में लाया गया, जिसे आगामी राजनीतिक रणनीति और क्षेत्रीय संतुलन साधने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। गौरतलब है कि राज्य कैबिनेट में पिछले काफी समय से पांच पद रिक्त चल रहे थे। इनमें से कुछ पद पूर्व सरकार के समय से खाली थे, जबकि हाल ही में मंत्री चंदन रामदास के निधन और प्रेम चंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद रिक्तियों की संख्या बढ़ गई थी।











