रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान हादसा हो गया। बारिश के चलते गौरीकुंड के पास यात्रियों पर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिर गए। जिससे तीन यात्रियों की मौत हो गई, पांच घायल हैं।गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर रविवार को चिरबासा के पास पहाड़ी से अचानक मलबा और बोल्डर गिर गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान 3 लोग अचेत अवस्था में व कुछ घायल हालात में मिले। जिनको स्ट्रेचर से रेस्क्यू दल ने स्वास्थ्य केन्द्र गौरीकुण्ड भेजा गया। गौरीकुण्ड में चिकित्सकों ने 3 व्यक्तियों को मृत घोषित किया। हादसे में मृतकों की पहचान किशोर अरुण पराटे नागपुर महाराष्ट्र, सुनील महादेव काले जालना महाराष्ट्र, अनुराग सिंह, तिलवाड़ा रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। बता दें कि घायलों में एक व्यक्ति का इलाज गौरीकुंड में चल रहा है, जबकि अन्य गंभीर घायलों को रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल ले जाया गया है।
घायलों में चेला भाई चौधरी गुजरात, जगदीश निवासी गुजरात, अभिषेक चौहान निवासी महाराष्ट्र, धनेष्वर पांडे निवासी महाराष्ट्र, व हरदाना भाई पटेल गुजरात शामिल हैं। मृतकों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक केदारनाथ में 16 किमी लंबे गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर पल-पल भूस्खलन का खतरा रहता है। चीरबासा भूस्खलन जोन है, जहां प्रत्येक बरसात में पहाड़ी से पत्थर गिरने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यहां बीते वर्ष भी पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई थी। इधर सीएम धामी ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुए हादसे को लेकर सीएम धामी ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधया।