- क्षतिग्रस्त मार्ग और लापरवाह सुरक्षा व्यवस्था को बताया दुर्घटना का कारण
हल्द्वानी। गौला नदी में आज सुबह करीब 8 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में लगता है कि व्यक्ति सड़क से नदी में गिर गया होगा, लेकिन मौत के सही कारणों की जांच पुलिस कर रही है। इस घटना पर वार्ड नंबर 24 के पार्षद सलीम सैफी ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि बीती बरसात में क्षतिग्रस्त हुए चोरगलिया रोड के रेलवे फाटक से गोला पुल को जोड़ने वाले मार्ग का एक हिस्सा अभी तक ठीक नहीं किया गया है, जिससे गौलापार जाने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है।
सुरक्षा के नाम पर महज बांस लगाए गए हैं, जिन्हें आसानी से लांघकर कोई भी खतरनाक क्षेत्र में पहुंच सकता है। पार्षद ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तुरंत पुख्ता क्रैश बैरियर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उधर, पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।






