हल्द्वानी। वर्षों से मालिकाना हक की मांग कर रहे दमुआढूँगा क्षेत्रवासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब उत्तराखंड शासन राजस्व अनुभाग-3 ने पत्रांक संख्या 539/XVIII/3/2025/2016 दिनांक 21 अगस्त 2025 के तहत धारा 48 की अधिसूचना जारी कर दी। इस फैसले के साथ ही नगर निगम के वार्ड 35, 36 और 37 के हजारों लोगों का सपना साकार हो गया, जो लंबे समय से अपने अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे थे।

महापौर गजराज बिष्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने आम जनता की भावनाओं को समझते हुए यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें हमेशा जनहित के मुद्दों पर संवेदनशील रही हैं और आज का फैसला उसी का प्रमाण है। निर्णय के बाद पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है और लोगों ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा बताया।














