हल्द्वानी। उत्तराखंड की नैनीताल जिले की पुलिस ने फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाकर अवैध तरीके नंदा गौरा योजना का लाभ दिलाने के आरोप में बेतालघाट के स्थानीय केंद्र संचालक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता सक्सेना ने गत 24 मई को तहरीर देकर कहा कि विभागीय जांच में लाभार्थी से प्राप्त आय प्रमाण पत्र के फ़र्ज़ी होने की पुष्टि हुई, जिसपर बेतालघाट पुलिस ने नन्दा गौरा योजना का लाभ पाने के उद्देश्य से फर्जी आय प्रमाण पत्र तैयार करने पर संबंधित के विरुद्ध थाना बेतालघाट में धारा 420/467/468/471 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा विवेचना उ0नि0 गौरव जोशी के सुपुर्द की गई।
मामले की जांच में दीपक गोस्वामी पुत्र मदननाथ गोस्वामी निवासी ग्राम चडयूला थाना बेतालघाट हाल निवासी बेतालघाट मार्केट थाना बेतालघाट नैनीताल का नाम प्रकाश में आया तथा दोषी पाया गया। बताया जा रहा है कि दीपक गोस्वामी देवभूमि जन सेवा केन्द्र बेतालघाट में आपराधिक षडयंत्र कर लाभार्थी को नन्दा गौरा योजना का लाभ दिलाने की नियत से धोखाधड़ी कर लाभार्थी के परिवार की मूल आय प्रमाण पत्र में अंकित परिवार की वार्षिक आय 75000 रुपये की कूटरचना कर 72000 रुपये अंकित कर फर्जी आय प्रमाण पत्र तैयार कर दिया गया।
इधर अभियोग में दौराने विवेचना धारा 120 बी की बढ़ोत्तरी करते हुए दीपक गोस्वामी को पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर उसके जुर्म धारा 420/467/468/471/ 120बी से अवगत कराकर गिरफ्तार किया गया व अभियुक्त की निशानदेही में लाभार्थी के आय रु72000/- वाले फर्जी आय प्रमाण पत्र में लगायी देव भूमि जन सेवा केन्द्र की मोहर, स्टाम्प पेड व एक प्रिन्टर बरामद किया गया।






