हल्द्वानी। उत्तराखंड की वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जननेता रहीं डॉ. इंदिरा हृदयेश की 85वीं जयंती पर स्वराज आश्रम में आयोजित स्मृति कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें “विकास की देवी” बताते हुए उनके संघर्ष, समर्पण और जनसेवा के जीवन को भावुक होकर याद किया। जिला एवं महानगर कांग्रेस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में स्व. इंदिरा हृदयेश के योगदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि इंदिरा हृदयेश का जीवन जनसेवा, संघर्ष और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है, जिनके कार्य सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। वहीं हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने उन्हें मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनके संस्कार और सेवा भाव आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल ने कहा कि इंदिरा हृदयेश दूरदर्शी नेतृत्व की प्रतीक थीं, जिन्होंने हमेशा आमजन की आवाज को प्राथमिकता दी। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने भी उनके राजनीतिक जीवन को निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण का प्रतीक बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे इंदिरा हृदयेश के अधूरे सपनों को पूरा करने और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेसजन मौजूद रहे, जिससे स्वराज आश्रम का परिसर श्रद्धांजलि और भावनाओं से भर उठा।












