हल्द्वानी। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने सोमवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह भेंट संगठनात्मक सौहार्द और नेतृत्व के प्रति विश्वास का प्रतीक रही। भेंट के दौरान सुरेश भट्ट ने कहा कि नितिन नवीन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक दक्षता और सशक्त नेतृत्व क्षमता भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल मार्गदर्शन में पार्टी का संगठनात्मक ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा तथा जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को नई गति मिलेगी।सुरेश भट्ट ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता नितिन नवीन के नेतृत्व में समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देगा। भेंट के दौरान संगठन की मजबूती, भविष्य की रणनीति और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को लेकर भी सकारात्मक संवाद हुआ।






