- अनुशासनहीनता और विभागीय जांच में असहयोग पड़ा भारी, पुलिस सेवा से किया गया बाहर
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस में अनुशासन को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने ढाई वर्षों से लगातार अनुपस्थित चल रहे एक आरक्षी को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई विभागीय जांच पूरी होने के बाद की गई, जिससे पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त आरक्षी अनिल सिंह को 16 अप्रैल 2023 को शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए जनपद चमोली भेजा गया था, लेकिन उन्होंने वहां ड्यूटी जॉइन नहीं की और 65 दिनों तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे। बाद में 20 जून 2023 को उनका आगमन जनपद देहरादून में दर्ज कराया गया। इसके बावजूद 1 सितंबर 2023 को वह पुलिस लाइन की प्रातःकालीन गणना से पुनः अनुपस्थित हो गए और उसके बाद आज तक ड्यूटी पर वापस नहीं आए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी लाइन को सौंपी गई। विभागीय कार्यवाही के दौरान आरक्षी अनिल सिंह द्वारा न तो कोई संतोषजनक जवाब दिया गया और न ही जांच में सहयोग किया गया। क्षेत्राधिकारी लाइन द्वारा विभागीय जांच पूर्ण कर रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत की गई। समस्त तथ्यों और अभिलेखों पर सम्यक विचारोपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आज 5 फरवरी को विभागीय कार्रवाई पर अंतिम निर्णय लेते हुए आरक्षी अनिल सिंह को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता पर कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






