रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने सतर्कता और सक्रियता दिखाते हुए बुधवार को रामनगर कोर्ट परिसर से चार संदिग्धों को दबोच लिया और उनके कब्जे से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल को गुप्त इनपुट मिला था कि कुछ बदमाश कोर्ट में हत्या मामले की शिकायतकर्ता पर जानलेवा हमला करने की फिराक में हैं। इनपुट मिलते ही कोतवाली गंगनहर और सीआईयू की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ लिया, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने मौके से तीन संदिग्धों को दबोचते हुए उनके पास से एक देशी पिस्टल 32 बोर और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए।

वहीं फरार दो में से एक आरोपी को पुलिस ने माधोपुर अंडरपास से पकड़ लिया, जिसके पास से तमंचा 315 बोर और 2 कारतूस मिले। एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी थाना कनखल में दर्ज हत्या और हत्या के प्रयास के मुकदमे की वादिनी को निशाना बनाने पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।






