हल्द्वानी। आयुक्त दीपक रावत ने नैनीताल रोड स्थित वॉकवे मॉल के पास निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। पुलिया का निर्माण समय पर न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त कर ईई लोनिवि अशोक कुमार चौधारी को पुलिया का निर्माण 30 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को दूसरी तरफ के पुलिया का निर्माण समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होेंने सहयुक्त नियोजक कुमाऊं सम्भागीय नियोजन खण्ड (टाउन प्लानर) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहयुक्त नियोजक हरिशंकर सिंह बिष्ट के बिना स्वीकृति के अवकाश पर होने और आवासीय भवनों के नक्शे के एनओसी प्रपत्र लम्बित होने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। आयुक्त ने कहा कि बिना स्वीकृति के अवकाश पर जाने पर संतोषजनक जवाब नही देने पर सहयुक्त नियोजक के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

इस दौरान क्रियाशाला मार्ग पर ई-रिक्शा में बैठे लोगों से चरस प्राप्त होने पर आयुक्त ने उनसे चरस बेचने वालों के बारे में पूछताछ की। उन्होंने आयुक्त को चरस रेलवे क्रासिंग राजपुरा के पास से लाने की जानकारी दी। आयुक्त ने राजपुरा रेलवे क्रासिंग के पास चार व्यक्तियों को चरस बेचते हुए पाया। आयुक्त ने सीओ संजय सिंह गब्र्याल को चारों आरोपियों से पूछताछ एवं कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिये। आयुक्त ने नशे के खिलाफ अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने और सम्बन्धित विभागों को चैकिंग अभियान के साथ ही जागरूकता अभियान चलाने के निर्देष दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, मुख्य अभियंता सिचाई संजय शुक्ला, अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक कुमार चैधरी, सीओ संजय सिंह गब्र्याल के साथ ही सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।







