हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में एशियन डेवलेपमेंट बैंक (एडीबी) द्वारा चल रहे पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के कार्यों का आयुक्त और मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार, जिन सड़कों को खोदा गया है, उन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से पुनः स्थापित किया जाए। आयुक्त ने शनिबाजार, नीलियम कॉलोनी, भगवानपुर, और पनचक्की क्षेत्रों में पेयजल और सीवर लाइन परियोजनाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण में उन्होंने एडीबी के अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल लाइन की टेस्टिंग बाकी है, वहां शीघ्र परीक्षण कराकर सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। भगवानपुर क्षेत्र में लूप टेस्टिंग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पाया कि पेयजल लाइन का कार्य मानकों के अनुरूप है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि एडीबी द्वारा किए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नीलियम कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वर मंदिर के दर्शन भी किए।






