देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई ने एक युवक की जान ले ली। केहरी गांव में हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान दिव्यांशु जाटराना के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद का निवासी था और वर्तमान में प्रेमनगर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार 23 मार्च की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि केहरी गांव में कुछ युवकों के बीच हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर युवक को दून अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और उनके बीच कॉलेज में वर्चस्व को लेकर पहले से रंजिश चल रही थी। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











