देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं के मद्देनज़र 3 नवम्बर 2025 को शहर के 20 प्रमुख स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) कृष्ण कुमार मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जिन मार्गों को जीरो जोन किया जाएगा, उनके आसपास स्थित विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है ताकि छात्रों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इनमें ग्रेस एकेडमी, समरवैली स्कूल, केवी हाथीबड़कला, हैरिटेज स्कूल, स्कॉलर होम, कान्वेंट स्कूल, डीपीएस राजपुर रोड, सेन्ट जोसेफ, ब्राइटलैंड, विवेकानंद, हिलग्रेस, मानव भारती, एसजीआरआर, मार्शल, जसवंत मॉडर्न, दून इंटरनेशनल, शेरवुड, फ्लाईफुट, ब्रुकलिन और डीएवी डिफेंस कॉलोनी स्कूल शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश केवल उन्हीं विद्यालयों के लिए लागू होगा जो राष्ट्रपति के भ्रमण मार्ग पर स्थित हैं, जबकि जनपद के अन्य स्कूल सामान्य रूप से संचालित रहेंगे।






