- मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में दिए सख्त निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में साफ शब्दों में कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हाल ही में नैनीताल में नाबालिग पीड़िता के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि पीड़िता की समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए और उसके परिवार को पूरी सुरक्षा दी जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार पीड़िता और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक जानकारियाँ फैलाने वालों की त्वरित पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेताया कि उत्तराखंड की संस्कृति, अस्मिता और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले व्यक्तियों या संगठनों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। राज्य में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किरायेदारों का सत्यापन, रेहड़ी-पटरी वालों की निगरानी, अवैध भूमि कब्जों और फर्जी प्रमाण पत्रों के मामलों में तेजी से कार्रवाई की जाए। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और वर्चुअल माध्यम से कुमाऊँ के आयुक्त व जिलाधिकारीगण उपस्थित रहे।






