हल्द्वानी। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार 28 फरवरी को एक दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा बैठक भी करेंगे। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 10:45 बजे लोहियाहेड हेलीपैड खटीमा से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर 10:55 बजे एफटीआई हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे। इसके बाद वे कार से सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री 11:30 बजे से 12:30 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। मुख्यमंत्री इसके बाद दोपहर 1:00 बजे पीएसपी चिकित्सालय हल्द्वानी के शुभारंभ समारोह में भाग लेंगे। वहीं दोपहर 2:30 बजे से 3:00 बजे तक एफटीआई सभागार में जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठक के बाद मुख्यमंत्री 3:15 बजे एफटीआई हेलीपैड से खटीमा के लिए रवाना हो जाएंगे।






