हल्द्वानी। भीमताल में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी का दौरा किया। सबसे पहले उन्होंने सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आवश्यकता अनुसार हायर सेंटर रेफर करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की, जिसमें 5 लाख रुपये उत्तराखंड परिवहन निगम, 2 लाख सड़क सुरक्षा निधि और 3 लाख मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दिए जाएंगे। इसके अलावा, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 3 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 15 से 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हर घायल और उनके परिवार की मदद हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश से हेली एंबुलेंस के जरिये शिफ्ट किए गए दो मरीजों की स्थिति की भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री धामी ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को पर्वतीय रूटों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आ रहे वाहनों के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच अनिवार्य रूप से की जाए। यातायात नियंत्रण और सड़क हादसों को रोकने के लिए आयुक्त को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे और यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उनका यह दौरा प्रशासन और जनता को एक स्पष्ट संदेश देने के लिए था कि सरकार हर कदम पर उनके साथ है।






