हल्द्वानी। एडीबी वित्तपोषित हल्द्वानी पेयजल एवं सीवरेज परियोजना में चल रहे कार्यों को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (UUSDA) के अपर कार्यक्रम निदेशक द्वारा स्थलीय निरीक्षण के बाद परियोजना की कार्यप्रणाली में आंशिक बदलाव करते हुए फिलहाल नई पाइपलाइन खुदाई के कार्यों को स्थगित कर सड़क पुनर्निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई और कार्यदायी संस्थाओं को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। परियोजना के अंतर्गत अब तक 152 किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा चुका है, जबकि 85 किलोमीटर सब-सर्फेसिंग हो चुकी डामर सड़कों पर भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

मुखानी रोड पर सीवर लाइन के लिए बनाए गए ट्रेंचलेस पिट के पास सड़क चौड़ाई बढ़ाने हेतु फुटपाथ और नहर के हिस्से का उपयोग कर अस्थायी निर्माण किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात करने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। गहरी खुदाई वाले स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। इसके अलावा कार्यस्थलों से पूर्व निर्धारित दूरी पर गति नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सूचना पट्ट, चेतावनी बोर्ड और रात्रि रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। पनचक्की रोड पर ट्रेंचलेस पिट का कार्य होली से पूर्व पूर्ण कर बंद करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
यूयूएसडीए ने फिलहाल उन क्षेत्रों पर विशेष फोकस करने का निर्णय लिया है जहां जल्द पेयजल आपूर्ति प्रारंभ की जा सकती है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ साप्ताहिक समन्वय बैठक कर परियोजना को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है।






