सितारगंज। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की हत्या की साजिश रचने का मामला दर्ज हुआ है। जिसमें पुलिस ने साजिश रचने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंत्री बहुगुणा के प्रतिनिधि उमाशंकर द्विवेदी ने पुलिस को तहरीर सौपते हुए बताया कि हल्द्वानी जेल में आरोपियों की मुलाकात हुई थी और यह साजिश रची गई थी। जेल में आरोपी हीरा सिंह निवासी कोटा फार्म सितारगंज की मुलाकात बहेड़ी निवासी सतनाम सिंह नामक युवक से हुई थी।
आरोप है कि जेल में दोनों आरोपियों ने मंत्री सौरभ बहुगुणा की हत्या करने का षड्यंत्र रचा। हीरा सिंह कुछ दिनों बाद जमानत पर छूटा और उसने सतनाम के जान पहचान वाले मो.अजीज उर्फ गुड्डू निवासी किच्छा उधम सिंह नगर से संपर्क किया। पुलिस ने हीरा सिंह, सतनाम सिंह, अजीज, हरभजन सिंह निवासी सितारगंज के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल सितारगंज ने बताया कि कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की हत्या की साजिश रचने पर चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओ के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिसमें कार्यवाही की जा रही हैं।