- 23 वर्षीय मीनाक्षी टम्टा की मौत के मामले में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
- न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी जेल भेजा गया
हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारा वाली गली में इलाज के नाम पर 23 वर्षीय महिला की मौत के मामले में नैनीताल पुलिस ने आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, टाउन धानमिल निवासी रामचंद्र ने 4 अक्टूबर 2026 को हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 3 अक्टूबर को नईम उर्फ नईम पहलवान द्वारा इलाज करने के दौरान उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा की मृत्यु हो गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तलाश और सुरागरसी के बाद आरोपी नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम में हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित गोस्वामी शामिल रहे।
